बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

आंखों में मिर्च डालकर सराफा व्यापारी से लाखों के जेवर लूटे

तीन बाइकों से आए सात बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, चाकू दिखाकर व्यापारी को दौड़ाया

सिवनी। बंडोल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर भोंगाखेड़ा के पास गुरुवार देर शाम सराफा व्यापारी से लूट की वारदात सामने आई। बंडोल के साप्ताहिक बाजार से लौट रहे व्यापारी योगेंद्र बघेल की आंखों में बाइक सवार बदमाशों ने लाल मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद जेवरों से भरी लोहे की पेटी और एक थैला लूटकर बदमाश जबलपुर की ओर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार योगेंद्र बघेल साझेदारी में सराफा कारोबार करते हैं। वह बाइक से बाजार में दुकान लगाने गए थे। लौटते समय तीन बाइकों पर सवार सात बदमाशों ने उनका पीछा किया। मिर्च डालने से व्यापारी बाइक समेत गिर गए। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू दिखाया और उन्हें दौड़ाया। व्यापारी झाड़ियों में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

सूचना पर बंडोल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल और बाजार का निरीक्षण किया। हाईवे किनारे ढाबों और दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले बदमाशों ने व्यापारी की रेकी की होगी। लूटे गए जेवरों और नकदी की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button