पेड़ गिरने से दमोह मार्ग घंटों रहा बाधित, सड़क पर लगी वाहनों की कतार
कटंगी के बोरिया 14 मील के पास तड़के हुई घटना, पेड़ हटने के बाद बहाल हुआ यातायात

जबलपुर। कटंगी के समीप बोरिया 14 मील के पास शुक्रवार तड़के एक पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ के बीच सड़क पर आ जाने से जबलपुर-दमोह मार्ग पर दोनों ओर का यातायात घंटों बाधित रहा। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया गया कि पेड़ गिरने के समय मौके से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। मार्ग बाधित होने के कारण यात्री बसों के साथ भारी वाहन भी जाम में फंसे रहे। कई वाहन चालकों को काफी देर तक सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा, जिससे उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई।
बाद में पेड़ को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। लगातार बारिश के बीच सड़क किनारे पेड़ों के गिरने से हादसे की आशंका भी बनी हुई है।











