पांच माह से वेतन रुका, रोते हुए महिला एसआई बोली- ‘मेरी छोटी बच्ची है, कोई तो बात सुन ले’
रीढ़ की समस्या के चलते कार्यालयीन ड्यूटी की मांग, एसपी ने कहा- ड्यूटी ज्वाइन कर आवेदन व दस्तावेज दें

अशोकनगर। जिले में पदस्थ महिला सब इंस्पेक्टर पूजा रघुवंशी का वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी स्वास्थ्य समस्या और पांच माह से वेतन नहीं मिलने की बात कहते हुए अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है। एसआई का कहना है कि वह दुर्घटना में रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर के बाद लंबे समय तक बिस्तर पर रही थीं। पिछले सात-आठ माह से रीढ़ में फिर तेज दर्द होने के कारण वह मेडिकल पर हैं।
पूजा रघुवंशी ने कहा कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक से लेकर पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों तक अपनी समस्या रखी है। वह ड्यूटी से बचना नहीं चाहतीं, लेकिन लगातार भारी और मैदानी ड्यूटी करना उनके लिए मुश्किल है। उन्होंने स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए कार्यालयीन पदस्थापना देने की मांग की है।
महिला एसआई ने आरोप लगाया कि उनकी करीब पांच माह की वेतन राशि रोक दी गई है। उन्होंने कहा कि उनकी छोटी बच्ची है और मजबूरी में उन्हें अपनी बात सार्वजनिक करनी पड़ी।
वहीं पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार ने कहा कि अनुपस्थित रहकर वीडियो बनाने के बजाय एसआई को ड्यूटी ज्वाइन कर आवेदन और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने चाहिए। दस्तावेजों के परीक्षण और उनकी समस्या को ध्यान में रखते हुए उचित निराकरण किया जाएगा।











