महू-नीमच हाईवे पर स्लीपर बस पलटी, 28 यात्री घायल
अजमेर से नासिक जा रहे थे श्रद्धालु, बारिश के बीच चालक का बस पर नियंत्रण बिगड़ा

रतलाम। महू-नीमच हाईवे पर रत्तागिरी फंटे के पास गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब एक बजे अजमेर से नासिक जा रही स्लीपर कोच बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 28 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही बिलपांक पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और यात्रियों को बस से निकालकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
थाना प्रभारी अय्यूब खान के अनुसार बारिश के बीच मोड़ पर चालक का बस से नियंत्रण बिगड़ गया। उसने बस को संभालने का प्रयास किया, लेकिन बस पलट गई। घायलों में राजस्थान के अलग-अलग जिलों के यात्रियों के साथ मंदसौर जिले के लोग भी शामिल हैं। घायलों में 12-14 वर्ष के बच्चों से लेकर करीब 60 वर्ष तक के यात्री हैं। कुछ यात्रियों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर की जानकारी है। पुलिस के अनुसार सभी भर्ती घायलों की हालत फिलहाल ठीक है।
बताया गया कि इसी रत्तागिरी फंटे के कर्व पर कुछ दिन पहले भी कार दुर्घटना हुई थी, जिसमें दो लोगों की मौत हुई थी।











