मेलोनी बनीं इटली की सबसे लंबे समय तक रहने वाली पीएम, मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने उपलब्धि को बताया बड़ी सफलता, भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को इटली के युद्धोत्तर इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर रहने वाली नेता बनने पर बधाई दी। मोदी ने उनकी उपलब्धि को इटली की जनता के विश्वास और उनके नेतृत्व की सफलता का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सामाजिक माध्यम पर साझा संदेश में कहा कि मेलोनी के नेतृत्व में भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूती मिली है। उन्होंने दोनों देशों के लोगों के लिए बेहतर और समृद्ध भविष्य बनाने के लिए सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई और मेलोनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जॉर्जिया मेलोनी ने 22 अक्टूबर 2022 को इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में पद संभाला था। शुक्रवार को उनकी सरकार ने 1,413 दिन पूरे किए और पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
इससे पहले जुलाई में मेलोनी ने भी प्रधानमंत्री मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी थी।
भारत-इटली संबंधों को लेकर दोनों नेताओं के बीच हाल के वर्षों में लगातार उच्चस्तरीय संपर्क बढ़ा है। मई में मोदी की इटली यात्रा के दौरान दोनों देशों ने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक मजबूत करने और नियमित उच्चस्तरीय संवाद जारी रखने पर सहमति जताई थी।











