बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमला, 25 जवानों के मारे जाने का दावा
बीएलए ने ली जिम्मेदारी, सैन्य वाहनों पर हमले और हथियार कब्जे में लेने का किया दावा

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में गुरुवार को सैन्य काफिले पर हमले की घटना सामने आई है। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए पाकिस्तानी सेना के 25 जवानों के मारे जाने का दावा किया है। संगठन के अनुसार हमले में सैन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।
बीएलए के मुताबिक जियारत क्रॉस के पास सैन्य काफिले को निशाना बनाया गया। संगठन ने दावा किया कि हथियारबंद लड़ाकों ने गोलीबारी और विस्फोटकों के जरिए काफिले पर हमला किया, जिसमें दो सैन्य वाहन आग की चपेट में आ गए। बीएलए ने हमले से संबंधित वीडियो जारी करने की बात भी कही है।
इसके अलावा सुराब के हाजिका इलाके में एक अन्य सैन्य वाहन को रिमोट नियंत्रित विस्फोट के जरिए निशाना बनाने का दावा किया गया है। बीएलए के अनुसार इस घटना में सात सैनिक मारे गए।
हालांकि, इन हमलों और हताहतों की संख्या को लेकर बीएलए के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पाकिस्तान की ओर से घटना में हताहतों के संबंध में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।











