पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर सीजेपी का प्रदर्शन जारी, पप्पू यादव भी पहुंचे
जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग, पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी और हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की मांग

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता संजय आजाद के साथ कथित मारपीट के मामले को लेकर शुक्रवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने के बाहर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता और समर्थक प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन में पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव भी शामिल हुए और उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कमजोर वर्गों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए।
प्रदर्शनकारियों ने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इंडियन यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने बताया कि दर्ज प्राथमिकी में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम की धाराएं जोड़ी गई हैं। उन्होंने कहा कि हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने के लिए चिकित्सकीय राय ली जा रही है।
लाकड़ा के अनुसार, निशु आजाद ने सोशल मीडिया के माध्यम से कथित दुष्कर्म की धमकी मिलने को लेकर अलग शिकायत भी दी है। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में प्रदर्शन जारी है और प्रदर्शनकारियों की मांगों को लेकर बातचीत चल रही है।











