आंगनबाड़ी केंद्रों में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व
नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण के स्वरूप में हुए शामिल, अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

सिंगरौली। कलेक्टर श्री गौरव बैनल एवं मध्यप्रदेश शासन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व का आयोजन हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रूप से किया गया। कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
जन्माष्टमी के अवसर पर अभिभावकों द्वारा अपने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण एवं माता राधा के मनमोहक स्वरूप में सजाकर आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजा गया। नन्हे बच्चों ने राधा-कृष्ण के वेश में सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रमों में अभिभावकों ने भी सहभागिता करते हुए पर्व की खुशियों को बच्चों के साथ साझा किया।
आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं अभिभावकों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र, उनके आदर्शों तथा बाल लीलाओं के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराने के साथ पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम के अवसर पर बच्चों के लिए विशेष भोजन एवं मिठाइयों की व्यवस्था की गई तथा बच्चों को मिठाइयों का वितरण किया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों से बच्चों में उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा। अभिभावकों की सहभागिता से कार्यक्रम और अधिक जीवंत एवं प्रभावी बने।











