धूरीताल से 25 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह
किराए के कमरे से गायब हुई युवती; बहन के दो मोबाइल भी साथ ले जाने की सूचना, बैढ़न पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की
सिंगरौली/बैढ़न। कोतवाली थाना क्षेत्र के धूरीताल से 25 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती अपनी बड़ी बहन के साथ किराए के कमरे में रहती थी। शिकायत के बाद बैढ़न पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में ग्राम गुढ़वा, थाना गढ़, जिला रीवा निवासी लक्ष्मी साकेत ने बताया कि वह अपनी छोटी बहन अनुराधा साकेत उर्फ अन्नू के साथ ई-कोल स्कूल के पीछे किराए के कमरे में रहती है। 1 सितंबर की रात दोनों खाना खाने के बाद सोई थीं। सुबह करीब 6:30 बजे लक्ष्मी की नींद खुली तो अनुराधा कमरे में नहीं थी। आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला।
लक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि अनुराधा की फोन पर विशाल साकेत उर्फ विशाल शाह नामक युवक से बातचीत होती थी। उसने आशंका जताई है कि युवक उसकी बहन को बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है। अनुराधा के साथ दोनों मोबाइल फोन भी गायब हैं।
पुलिस ने युवती की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल लोकेशन और कॉल विवरण के आधार पर युवती तथा संदेही युवक का पता लगाने में जुटी है।












