सरई पुलिस ने चोरी के लोहे के सामान से लदी पिकअप की जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली:सरई थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी का लोहा परिवहन कर रही एक पिकअप को जब्त किया है। साथ ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। जब्त किए गए वाहन और लोहे के सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री मियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा व एसडीओपी देवसर श्रीमती गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में सरई थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह मर्सकोले के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान 4 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप में चोरी का लोहा लोड कर रेलवे स्टेशन रोड सरई से कस्बे की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस बल ने गवाहों के साथ रेलवे तिराहा सरई पर घेराबंदी कर पिकअप (क्रमांक MP66G2248) को रोका। तलाशी लेने पर वाहन के भीतर भारी मात्रा में पुराना लोहा—जिसमें छड़, एंगल, सरिया, मशीनरी पार्ट्स और लोहे के खंभे शामिल थे—बरामद हुआ। चालक जितेंद्र कुमार गुप्ता (उम्र 23 वर्ष, निवासी रेलवे स्टेशन रोड, सरई) से जब सामान और वाहन से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
सामान चोरी का होने के संदेह पर पुलिस ने वाहन सहित सामग्री को जब्त कर लिया और आरोपी के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा कायम किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी जितेंद्र कुमार गुप्ता के विरुद्ध पूर्व में भी सरई थाने में चोरी के दो मामले (अप.क्र. 203/23 एवं 746/23) दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक बबन सिंह, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीकान्त साहू, अनुराग मिश्रा तथा आरक्षक महेश गुर्जर व मयंक हिरवाने की सराहनीय भूमिका रही।













