कृष्ण भक्ति में सराबोर हुआ मोरवा, आधी रात गूंजा ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’
जगह-जगह सजे भव्य पंडाल, बाल स्वरूप के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

सिंगरौली।श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व मोरवा क्षेत्र में धूमधाम व श्रद्धा के साथ मनाया गया। पूरा क्षेत्र कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह आकर्षक झांकियां और भव्य पंडाल सजाए गए, जहां भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन के लिए शाम से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। रात 12 बजे जैसे ही कान्हा का प्राकट्य हुआ, पूरा माहौल “जय कन्हैया लाल की” के जयकारों और शंख-घंटियों की ध्वनि से गूंज उठा।
क्राइस्ट ज्योति स्कूल के पास विशेष आकर्षण
क्राइस्ट ज्योति स्कूल के समीप सजाया गया पंडाल आकर्षण का केंद्र रहा, जहां कान्हा के विभिन्न लीला स्वरूपों को देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इसके अलावा पुराने बाजार, पुरानी सब्जी मंडी स्थित हनुमान मंदिर और बस स्टैंड के समीप शिव मंदिर में भी उत्सव का माहौल रहा। शाम से ही महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भारी भीड़ दर्शन व पूजा-अर्चना के लिए उमड़ती रही।
पुलिस बल रहा मुस्तैद
त्योहार पर उमड़ी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मोरवा पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आई। नगर निरीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ विभिन्न पंडालों और प्रमुख मार्गों का लगातार जायजा लिया। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

पंडालों में पहुंचे जनप्रतिनिधि
आयोजन में क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिकों व जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान सिंगरौली विकास प्राधिकरण अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, कांग्रेस प्रवक्ता राजेश सिंह, पार्षद शेखर सिंह, भाजपा नेता प्रवीण तिवारी एवं भूपेंद्र गर्ग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।













