शिक्षक ही आदर्श समाज व राष्ट्र निर्माण के सच्चे शिल्पकार- विश्वमित्र पाठक

सिंगरौली- विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत शा.उत्कृष्ट उ.मा. वि. देवसर में राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर खण्ड स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन क्षेत्रीय विधायक विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम मां वीणावादिनी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के छाया चित्र पर माल्यार्पण एवं नमन कर विधिवत शुरुआत हुई तत्पश्चात विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्वामित्र पाठक विधायक सिहावल ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में कहा कि शिक्षक समाज को सही दिशा देने तथा बेहतर भविष्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों द्वारा दिए गए ज्ञान संस्कार एवं मार्गदर्शन से ही आदर्श समाज व राष्ट्र का निर्माण होता है। मुख्य अतिथि ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जीवनी एवं महान ब्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय है उन्होंने ज्ञान संस्कार और शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रसस्त किया, उनके आदर्श सदैव हम सभी को प्रेरणा देते रहेंगे।
मुख्य अतिथि ने उपस्थित सेवानिवृत शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकानाएं देते हुए उनसे शेष जीवन मे भी समाज का मार्गदर्शन करते रहने का आग्रह किया। कार्यक्रम में उपस्थित प्राचार्य गणों एवं सेवा निवृत्त शिक्षकों ने भी अपने अनुभव एवं विचार साझा किए।
इस दौरान सेवानिवृत्त प्राचार्यों एवं शिक्षकों को शॉल श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सी. पी.प्रजापति प्राचार्य, शिवराम गुप्ता प्राचार्य, डॉ शिवार्चन शुक्ला प्राचार्य, महेंद्र द्विवेदी प्राचार्य, अरुण चतुर्वेदी जिला आई टी सेल, लाला सिंह मार्को से.नि. प्राचार्य, राम भुवन द्विवेदी से.नि. प्राचार्य, के.आर.सिंह, डॉ मंगलेश्वर चतुर्वेदी, श्रीमती सुखनी शाहू, सेवानिवृत्त शिक्षकगण, विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र छात्राएं, गणमान्य जन उपस्थित रहे।













