नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय की पहल पर मुड़वानी बैगा बस्ती में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
बैगा परिवारों एवं बच्चों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, जरूरतमंदों को वितरित की गईं निःशुल्क दवाएं

सिंगरौली, । समाज के अंतिम छोर पर निवासरत विशेष जनजातीय समूहों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पांडेय की विशेष पहल पर मुड़वानी स्थित बैगा बस्ती में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पांडेय ने स्वयं शिविर में उपस्थित होकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा बैगा परिवारों एवं बच्चों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी।
शिविर में विशेष संरक्षित बैगा जनजाति के दर्जनों परिवारों एवं बच्चों का चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान मौसमी बीमारियों, सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं सहित बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर की जांच की गई। चिकित्सकीय परीक्षण के उपरांत आवश्यकता अनुसार मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पांडेय ने शिविर के दौरान उपस्थित बैगा परिवारों से सीधे संवाद करते हुए उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक मूलभूत स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। सुदूर एवं जरूरतमंद बस्तियों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को उनके घर के समीप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं आंगनवाड़ी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विभागीय टीम द्वारा बच्चों के पोषण स्तर की जांच के साथ ही माताओं एवं परिवारों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पांडेय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निगम क्षेत्र की सुदूर बस्तियों एवं जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ऐसे जनकल्याणकारी शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।













