देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

जयपुर में एयर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, पायलट ने गलती से भेजा हाईजैक अलर्ट कोड

फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया, सुरक्षा एजेंसियों ने सभी यात्रियों को विमान से उतारकर जांच शुरू की

नई दिल्ली। एयर इंडिया की फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही फ्लाइट में हाईजैक अलर्ट मिलने के बाद बुधवार को हड़कंप मच गया। विमान की जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पायलट ने गलती से कुछ सेकेंड के लिए हाईजैक से संबंधित आपातकालीन कोड जारी कर दिया था। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2030 जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को विमान से संबंधित अलर्ट मिला। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और विमान को जयपुर की ओर डायवर्ट कर दिया गया।

सूत्रों के मुताबिक, विमान के पायलट की ओर से कुछ सेकेंड के लिए स्क्वाक-7500 कोड जारी किया गया था। विमानन क्षेत्र में इस कोड का इस्तेमाल हाईजैक या विमान पर अवैध कब्जे की स्थिति का संकेत देने के लिए किया जाता है। अलर्ट के बाद विमान को सुबह करीब 9:45 बजे जयपुर एयरपोर्ट के आइसोलेशन वे पर सुरक्षित उतारा गया।

लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में विमान से उतारकर टर्मिनल में बैठाया गया। विमान को अन्य विमानों से अलग आइसोलेशन वे पर रखा गया, ताकि सुरक्षा एजेंसियां उसकी जांच कर सकें। फिलहाल अलर्ट जारी होने के कारणों और पायलट की कथित गलती को लेकर आधिकारिक बयान सामने आने का इंतजार है।

तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट में भी आया था हाईजैक अलर्ट
इससे पहले 30 सितंबर 2026 को दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड1073 में भी हाईजैक अलर्ट सामने आया था। बताया गया कि विमान ने पहले इमरजेंसी कोड 7700 और बाद में कुछ समय के लिए स्क्वाक-7500 जारी किया था। इसके बाद विमान का मार्ग बदलकर सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, उस घटना में विमान के ओमानी को-पायलट पर पायलट के साथ मारपीट करने और विमान को तेल अवीव एयरपोर्ट के टर्मिनल से टकराने की कोशिश करने का आरोप लगा था। विमान को सुरक्षित उतार लिया गया था और मामले की जांच शुरू की गई थी।

 

Author

Related Articles

Back to top button