मुंबई की 10 मंजिला इमारत में भीषण आग, जान बचाने बालकनी से लटके लोग; 2 महिलाओं की मौत
वसई-विरार के इंपीरियल टॉवर में देर रात मची अफरा-तफरी, क्रेन की मदद से 15 लोगों को सुरक्षित निकाला गया; शॉर्ट सर्किट की आशंका

मुंबई। महाराष्ट्र के वसई-विरार इलाके में लिंक रोड स्थित बहुमंजिला इमारत इंपीरियल टॉवर (इंपीरियल हाइट्स) में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग तेजी से 8वीं से 10वीं मंजिल तक फैल गई। इस हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों में 60 वर्ष से अधिक उम्र की एक बुजुर्ग महिला भी शामिल बताई जा रही हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है।
आग और धुएं से मची अफरा-तफरी, बालकनी से लटके लोग
वसई-विरार सिटी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के कमिश्नर पृथ्वीराज बी.पी. के मुताबिक, दमकल विभाग को आग लगने की सूचना मंगलवार रात करीब 11:30 बजे मिली। आग की लपटें और घना धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गया। इससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।आग से बचने के लिए कई लोग अपने फ्लैट की खिड़कियों और बालकनी के बाहरी हिस्से पर लटक गए। इस दौरान इमारत के बाहर लोगों की जान बचाने की कोशिशें जारी रहीं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हाइड्रोलिक क्रेन से 15 लोगों का रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से इमारत के बाहरी हिस्से में फंसे लोगों समेत कुल 15 निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, कई लोग सीढ़ियों के रास्ते खुद नीचे उतरने में सफल रहे।धुएं से प्रभावित और झुलसे लोगों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दमकल विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।













