बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नगर परिषद बरगवां की बैठक में सड़क, पानी और बिजली के मुद्दों पर चर्चा, अधूरे विकास कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश

अध्यक्ष प्रमिला वर्मा की अध्यक्षता में हुई पार्षदों की संयुक्त बैठक, स्वच्छता अभियान और पीएम आवास योजना की प्रगति की भी हुई समीक्षा

सिंगरौली। सिंगरौली जिले की नगर परिषद बरगवां में नगर परिषद अध्यक्ष प्रमिला वर्मा की अध्यक्षता में पार्षदों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमित सिंह सहित सभी पार्षद उपस्थित रहे। इस दौरान नगर के विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और विभिन्न वार्डों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में सड़क और नाली की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। इसके साथ ही कई वार्डों में समय पर जलापूर्ति नहीं होने की शिकायत भी की गई। पार्षदों ने कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित समस्याओं का समय पर निराकरण जरूरी है।

स्ट्रीट लाइट और अधूरे कार्यों पर जोर
बैठक में बिजली के खंभों और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत जल्द कराने पर जोर दिया गया। नगर परिषद अध्यक्ष प्रमिला वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में नगर की साफ-सफाई व्यवस्था और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान देने को कहा।

नगर विकास में सहयोग की अपील
बैठक के दौरान सभी पार्षदों ने नगर के विकास के लिए मिलकर काम करने और वार्डों की समस्याओं के समाधान में सहयोग करने की बात कही। नगर परिषद अध्यक्ष प्रमिला वर्मा ने नागरिकों से अपील की कि वे नगर के विकास कार्यों में सहयोग करें तथा अपने क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी सीधे नगर परिषद को दें, ताकि उनका समय पर निराकरण किया जा सके।

Author

Related Articles

Back to top button