नवरात्रि में महिला सुरक्षा को लेकर अलर्ट सिंगरौली पुलिस, स्कूटी से पेट्रोलिंग कर रही महिला टीमें
दुर्गा पंडालों, मेला परिसरों, रामलीला स्थलों और बाजारों में विशेष निगरानी; छेड़छाड़ और महिलाओं का पीछा करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

सिंगरौली। शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिंगरौली पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में महिला पुलिस टीमों द्वारा स्कूटी से विशेष पेट्रोलिंग की जा रही है। इसका उद्देश्य धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
महिला पुलिसकर्मी प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों, मेला परिसरों, रामलीला स्थलों, गरबा-डांडिया कार्यक्रमों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रही हैं। महिलाओं एवं बालिकाओं के आवागमन वाले मार्गों पर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
मनचलों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर
पेट्रोलिंग के दौरान महिला पुलिस टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर उन्हें समझाइश दी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य अभद्र टिप्पणी, छेड़छाड़ और महिलाओं को परेशान करने जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना है।
महिलाओं से संवाद कर किया जा रहा जागरूक
महिला पुलिसकर्मी विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी भी ले रही हैं। उन्हें किसी भी तरह की असुविधा, अभद्र व्यवहार या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

छेड़छाड़ करने वालों पर होगी वैधानिक कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बालिकाओं से अभद्र व्यवहार करने, अश्लील टिप्पणी करने, पीछा करने या छेड़छाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नवरात्रि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी।
सिंगरौली पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से महिलाओं का सम्मान करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 7049134457 पर संपर्क किया जा सकता है।













