जयंत में 28 से 30 अक्टूबर तक कांग्रेस सेवा दल का प्रशिक्षण शिविर, राष्ट्रीय अध्यक्ष वी. श्रीनिवास करेंगे शिरकत
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया करेंगे शिविर का शुभारंभ, सिंगरौली सहित संभाग के सेवा दल कार्यकर्ता लेंगे प्रशिक्षण

सिंगरौली। जिले के जयंत में 28, 29 और 30 अक्टूबर को अखिल भारतीय कांग्रेस सेवा दल का 3 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में कांग्रेस सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष वी. श्रीनिवास शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम का शुभारंभ मध्य प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल भैया करेंगे। आयोजन में सिंगरौली जिले सहित पूरे संभाग के सेवा दल कार्यकर्ताओं के शामिल होकर प्रशिक्षण लेने की तैयारी है।
कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष रूपेश चंद्र पांडे ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में अखिल भारतीय कांग्रेस सेवा दल के मध्य प्रदेश प्रभारी प्रताप नारायण मिश्रा तथा मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव भी तीनों दिन मौजूद रहेंगे। शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों और सेवा दल की कार्यप्रणाली से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
तैयारियों को लेकर हुई बैठक
प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए राघवेंद्र श्रीवास्तव उर्फ मुनखू के कार्यालय, होटल शारदा लॉज में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान, कांग्रेस नेता राम शिरोमणि शाह, ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, सेवा दल जिला अध्यक्ष रूपेश चंद्र पांडे तथा जिला पंचायत सदस्य संदीप शाह सहित अन्य नेता शामिल हुए।
बैठक में शिविर के आयोजन, अतिथियों के स्वागत, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। आयोजकों की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।













