नवानगर में निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल से गिरा श्रमिक, हालत गंभीर
हाईटेंशन तार की चपेट में आने के बाद गिरने की आशंका, घायल के दोनों हाथ-पैर टूटे; जिला अस्पताल बैढ़न में इलाज जारी

सिंगरौली। जिले के नवानगर थाना क्षेत्र स्थित नवानगर मार्केट में निर्माणाधीन मकान में काम करते समय 32 वर्षीय श्रमिक लाले केवट तीसरी मंजिल से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल श्रमिक करौटी का निवासी बताया जा रहा है। हादसे में उसके दोनों हाथ-पैर टूट गए और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बैढ़न भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान के सामने से हाईटेंशन बिजली का तार गुजर रहा है। काम के दौरान श्रमिक को करंट का झटका लगने के बाद तीसरी मंजिल से नीचे गिरने की बात सामने आई है। बताया गया है कि काम के दौरान श्रमिक ने सुरक्षा बेल्ट सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण नहीं पहन रखे थे।
ठेकेदार और मकान मालिक पर लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए ठेकेदार सीताराम और मकान मालिक की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए बिना श्रमिकों से काम कराया जा रहा था। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने पर नवानगर थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल श्रमिक को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर ठेकेदार तथा मकान मालिक से पूछताछ किए जाने की जानकारी दी गई है।













