15 साल की स्वाती वैश्य का नेशनल वॉलीबॉल में चयन, 4 साल की मेहनत लाई रंग; राजस्थान में दिखाएंगी दम
सिंगरौली के गोनर्रा गांव की बेटी ने ब्लॉक से राज्य स्तर तक का सफर तय कर बनाई राष्ट्रीय पहचान, परिवार में खुशी का माहौल

सिंगरौली जिले के चितरंगी ब्लॉक अंतर्गत गोनर्रा गांव की स्वाती वैश्य ने महज 15 वर्ष की उम्र में अपनी मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जगह बनाई है। स्वाती 22 अक्टूबर 2026 को राजस्थान में आयोजित होने वाले नेशनल वॉलीबॉल मैच में हिस्सा लेंगी।
स्वाती ने लगातार चार वर्षों तक अभ्यास कर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने ब्लॉक, जिला, संभाग और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में खेलते हुए अपनी प्रतिभा साबित की। इसके बाद उनका चयन राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए हुआ है।
माता-पिता के सहयोग को दिया श्रेय
स्वाती ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता को दिया है। उनका कहना है कि पिछले चार वर्षों से लगातार अभ्यास करने का परिणाम आज सामने आया है। इस दौरान माता-पिता का सहयोग और प्रोत्साहन हमेशा उनके साथ रहा। इसी समर्थन और अपनी मेहनत के बल पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिला है।
परिवार और गांव में खुशी का माहौल
स्वाती वैश्य गोरबी भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद वैश्य की पुत्री हैं। कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की उनकी उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में खुशी का माहौल है। स्वाती के चयन को क्षेत्र के लिए गौरव की उपलब्धि माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें राजस्थान में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं।













