बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जल जीवन मिशन की योजनाओं की समीक्षा, दिसंबर 2026 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश

लापरवाही बरतने वाले संविदाकारों पर होगी कार्रवाई, अनुबंध निरस्त कर ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी

सिंगरौली, 15 अक्टूबर 2026। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित एकल ग्राम नलजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनरीक्षित योजनाओं के अनुबंधित संविदाकारों सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में सीईओ संघप्रिय ने कार्यपालन यंत्रियों, सहायक यंत्रियों, उपयंत्रियों एवं संविदाकारों को निर्देशित किया कि जिले में संचालित समस्त एकल ग्राम नलजल योजनाओं का कार्य निर्धारित गुणवत्ता के साथ हर हाल में दिसंबर 2026 तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में समय-सीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

सीईओ ने संविदाकारों को निर्देश दिए कि अनुबंध की समय-सीमा समाप्त होने पर नियमानुसार समयवृद्धि के प्रकरण प्रस्तुत किए जाएं। निर्धारित समय-सीमा पूरी होने के बाद भी जिन योजनाओं की प्रगति 50 प्रतिशत से कम पाई जाएगी, उनके संविदाकारों को अंतिम नोटिस जारी करने तथा पेनल्टी की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। इसके बावजूद कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी का अनुबंध निरस्त कर उसे ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। उन्होंने जिन योजनाओं में उच्च स्तरीय पानी की टंकी अथवा सम्पवेल निर्माण के लिए स्थल का चयन नहीं हुआ है, वहां सात दिवस के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी संविदाकारों को दिसंबर 2026 तक कार्य पूर्ण करने के लक्ष्य के अनुरूप विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुसार कार्य करने को कहा।बैठक में उपखंड बैढ़न के वन क्षेत्र में शामिल बरदघटा, सुईडीह एवं खटखरिया नलजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए पाइपलाइन बिछाने में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए वन विभाग से समन्वय स्थापित कर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।

सीईओ ने ‘हर घर जल’ से संबंधित सभी योजनाओं में मौके पर चालू घरेलू नल कनेक्शनों की अद्यतन जानकारी तीन दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखंड समन्वयकों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित भ्रमण कर घरेलू नल कनेक्शनों की संख्या बढ़ाने तथा योजनाओं की प्रगति की सतत निगरानी करने को कहा।

बैठक के अंत में सीईओ संघप्रिय ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संविदाकारों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, कार्यपालन यंत्री पीएचई सहित संबंधित सहायक यंत्री एवं उपयंत्री उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button