मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत बर्दी में 16 अक्टूबर को आयोजित होगा जनविश्वास शिविर
शिविर में ग्रामीणों को मिलेगा शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ, आवेदनों और समस्याओं का होगा निराकरण

सिंगरौली,। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार प्रदेश में नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहजता और सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिले में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अक्टूबर 2026 को जनपद पंचायत चितरंगी अंतर्गत ग्राम पंचायत बर्दी में मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं की जानकारी देंगे। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने तथा नागरिकों से प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का मौके पर निराकरण करने की कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश भी दिए हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को क्षेत्र में संचालित शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकानों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायत बर्दी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे 16 अक्टूबर को आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करें तथा अपनी समस्याओं एवं आवेदनों का निराकरण कराएं।













