सिंगरौली में 30 अक्टूबर को होगा जिला स्तरीय युवा उत्सव
5 विधाओं में प्रतिभा दिखाएंगे 15 से 29 वर्ष के युवा, 24 अक्टूबर तक देनी होगी प्रतिभागियों की सूची
सिंगरौली। राष्ट्रीय युवा उत्सव के अंतर्गत जिले में 30 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शासकीय राजनारायण स्मृति महाविद्यालय (पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस), बैढ़न में होगा। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां पुलिस अधीक्षक एवं विभागीय नोडल अधिकारी षियाज के.एम. के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार की देखरेख में की जा रही हैं।
युवा उत्सव में समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और कविता लेखन की प्रतियोगिताएं होंगी। सहभागिता के लिए माय भारत पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य है। प्रतिभागियों को आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र तथा जन्म प्रमाण पत्र अथवा कक्षा 10वीं की अंकसूची की छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी। संबंधित शैक्षणिक संस्थानों को 24 अक्टूबर तक प्रतिभागियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिक जानकारी के लिए बैढ़न के राकेश कुमार मिश्रा (9981381352), देवसर की सुनीता मिश्रा (7909573938) और चितरंगी के जगदीश सिंह (6261611414) से संपर्क किया जा सकता है। एसपी ने युवाओं से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।













