नवरात्रि पर सुरक्षा को लेकर सिंगरौली पुलिस का पैदल भ्रमण, मनचलों को दी सख्त चेतावनी
दुर्गा पंडालों, मेला परिसरों और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, महिला सुरक्षा और यातायात पर विशेष निगरानी

सिंगरौली। शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिंगरौली पुलिस ने जिलेभर में व्यापक पैदल भ्रमण किया। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में थाना पुलिस और महिला पुलिस टीमों ने दुर्गा पूजा पंडालों, रामलीला स्थलों, मेला परिसरों तथा प्रमुख बाजारों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं, बालिकाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए श्रद्धालुओं, व्यापारियों एवं आयोजन समितियों से संवाद किया।
आयोजन समितियों को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अग्नि सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंग, छेड़छाड़, महिलाओं का पीछा करने और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी।
सिंगरौली पुलिस ने नागरिकों से नवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7049134457 पर संपर्क किया जा सकता है।













