मोबाइल मेडिकल यूनिट रवाना, दूरस्थ अंचलों में बैगा जनजाति के परिवारों को घर-घर मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर यूनिट को किया रवाना

सिंगरौली। जिले के आदिवासी विकासखंड देवसर, चितरंगी सहित दूरस्थ अंचलों में निवासरत बैगा जनजाति समुदाय के परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण पहल की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर ने मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल से दूरस्थ ग्रामों में रहने वाले ऐसे परिवारों को लाभ मिलेगा, जिन्हें किसी कारणवश उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मोबाइल मेडिकल यूनिट को रवाना करने के दौरान सीएमएचओ डॉ. ठाकुर ने यूनिट में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों, आवश्यक दवाइयों एवं अन्य स्वास्थ्य सामग्रियों का निरीक्षण किया। उन्होंने यूनिट के सुचारू संचालन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशेष सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह सहित कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं मोबाइल मेडिकल यूनिट का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी पहल के अंतर्गत संचालित यह मोबाइल मेडिकल यूनिट दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि यूनिट के माध्यम से देवसर, चितरंगी एवं बैढ़न क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी, जिससे विशेष रूप से बैगा जनजाति समुदाय सहित ग्रामीण आबादी को सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।













