दुर्गा प्रतिमा विसर्जन एवं दशहरा पर्व पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई
19 एवं 20 अक्टूबर को जिले में विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी
सिंगरौली, 16 अक्टूबर 2026/ जिले में शारदीय नवरात्रि के समापन तथा दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन और दशहरा (विजयादशमी) पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के एकत्रित होने एवं भीड़-भाड़ की संभावना को देखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जारी आदेश के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 से 20 अक्टूबर 2026 तक दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन एवं दशहरा पर्व के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नियुक्त अधिकारी अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
आदेश के तहत अपर जिला मजिस्ट्रेट श्री पी.एस. त्रिपाठी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा को संपूर्ण सिंगरौली जिले के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, सिंगरौली अनुभाग में उपखंड मजिस्ट्रेट श्री सुरेश जादव एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री हेमंत कुमार, माड़ा अनुभाग में उपखंड मजिस्ट्रेट श्री नंदन तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री अमित कुमार, देवसर अनुभाग में उपखंड मजिस्ट्रेट डॉ. सुशिर श्री कृष्णा श्री राम एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्रीमती गायत्री तिवारी तथा चितरंगी अनुभाग में उपखंड मजिस्ट्रेट श्री देवेन्द्र द्विवेदी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री ललित बैरागी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न पुलिस थाना क्षेत्रों में तहसीलदारों, प्रभारी तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों के साथ संबंधित थाना प्रभारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। इनमें विन्ध्यनगर, वैढ़न, नवानगर, मोरवा, माड़ा, लंघाडोल, सरई, बरगवां, जियावन, चितरंगी एवं गढ़वा थाना क्षेत्रों का संपूर्ण क्षेत्र शामिल है। जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित अवधि में आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहेंगे तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे। साथ ही, संबंधित अधिकारी स्थिति से समय-समय पर अनुविभागीय मजिस्ट्रेट एवं अपर जिला मजिस्ट्रेट को अवगत कराएंगे। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उपखंड मजिस्ट्रेट आवश्यकता के अनुसार अपने क्षेत्र में अतिरिक्त कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगा सकेंगे। सभी उपखंड मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्र में आयोजनों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।












