चितरंगी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुष्कर्म के मामले में 3 माह से फरार 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर खुरमुचा गांव में घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा, घटना के बाद से चल रहा था फरार

चितरंगी, सिंगरौली। दुष्कर्म के मामले में करीब 3 माह से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को चितरंगी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान 15 अक्टूबर को विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने खुरमुचा गांव में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रतन केवट (20 वर्ष), पिता हिरवा केवट, निवासी खुरमुचा, थाना चितरंगी, जिला सिंगरौली के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना चितरंगी में अपराध क्रमांक 387/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) एवं 64(2)(एफ) में मामला दर्ज है।
मई में हुई घटना, अगस्त में दर्ज हुई रिपोर्ट
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने 6 अगस्त 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 29 मई 2026 को उसके माता-पिता उसकी भाभी को प्रसव के लिए चितरंगी अस्पताल लेकर गए थे। इस दौरान वह घर में अकेली थी। आरोप है कि रात करीब 9 बजे उसकी भाभी का भाई घर पहुंचा और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की गई। हालांकि, घटना के बाद से ही आरोपी फरार था। पुलिस ने उसकी तलाश में रिश्तेदारों और नजदीकी सहयोगियों के घरों पर दबिश दी, लेकिन वह लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर रहा।
एसपी ने घोषित किया था 10 हजार रुपये का इनाम
मामले की गंभीरता और आरोपी की लगातार फरारी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिंह के मार्गदर्शन तथा चितरंगी के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी ललित बैरागी और देवसर की अनुविभागीय पुलिस अधिकारी गायत्री तिवारी की निगरानी में आरोपी की तलाश जारी थी।
इसी क्रम में थाना प्रभारी सुधेश तिवारी ने क्षेत्र के मुखबिरों को सक्रिय किया। 15 अक्टूबर को सूचना मिली कि आरोपी जमानत के संबंध में किसी रिश्तेदार से चर्चा करने के लिए अपने घर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने खुरमुचा में घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधेश तिवारी, उमेश तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक सतीश दीक्षित, आरक्षक सुदर्शन चौहान, मुकेश पांडेय, सर्वदानंद राय और प्रशांत केशरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।











