राजस्थान में दर्दनाक हादसा: नाले में गिरी मिनी बस, 8 की मौत, 17 घायल
मध्य प्रदेश के बैतूल से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे थे यात्री, चालक को झपकी आने से हादसे की आशंका; ग्रामीणों ने कांच तोड़कर फंसे लोगों को बाहर निकाला

कोटा/बैतूल। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। 25 से अधिक यात्रियों से भरी टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल निवासी 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
हादसा सुबह करीब 6 बजे सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया टोल से कुछ दूरी पर हुआ। बताया जा रहा है कि मिनी बस भोपाल से राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रही थी। दुर्घटना में ट्रैवलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आगे की सीटों पर बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
ग्रामीणों ने बचाव कार्य में की मदद
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए थे। घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने वाहन के कांच तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल भिजवाया।
चालक को झपकी आने की आशंका
पुलिस अधिकारियों को प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ होगा। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नीलेश जैन के अनुसार, मृतकों और घायलों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू के नाम बताए गए हैं। वाहन चालक की भी मौत हुई है। इनमें 7 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि एक घायल की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
हादसे में घायल यात्रियों में वंदिता झरबड़े, अजय गावंडे, वेदांत झरबड़े, मोहनिस झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ और सारांश झरबड़े के नाम सामने आए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।













