विशेष मतदाता अभियान-2026: पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पी.एस. त्रिपाठी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों की बैठक संपन्न,

सिंगरौली, 17 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में संचालित विशेष मतदाता अभियान-2026 के संबंध में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पी.एस. त्रिपाठी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को अद्यतन करने, पात्र मतदाताओं का पंजीयन सुनिश्चित करने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पर चर्चा की गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री त्रिपाठी ने बताया कि एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों के संबंध में पुनः स्थल जांच कराई जाएगी। साथ ही जांच के दौरान सामने आने वाले ऐसे पात्र नागरिकों, जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, तथा 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी पात्र युवाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ को घर-घर सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ बीएलए के माध्यम से बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। बैठक में युवा एवं भावी मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
निर्वाचन शाखा द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 की संशोधित समय-सारणी भी जारी की गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण एवं पुनर्व्यवस्था का कार्य 02 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची के संबंध में दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
बैठक में उपखंड एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी देवसर सुशीर श्री कृष्ण श्रीराम,नायब तहसीलदार दुधमनिया सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिध उपस्थित रहे।













