अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, 4 वाहन जप्त
बिना नंबर के 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित ईटीपी से अधिक मात्रा में खनिज परिवहन करने वाला एक वाहन पकड़ा गया

सिंगरौली, 17 अक्टूबर 2026। जिले में खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग द्वारा कार्रवाई की गई। खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सहायक खनि अधिकारी श्री रामसुशील चौरसिया ने आज रेत के अवैध परिवहन में संलग्न तीन बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त किए।
जप्त किए गए तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को सुरक्षार्थ थाना बरगवां, थाना नवानगर एवं जयंत पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है। इसके अतिरिक्त वाहन क्रमांक MP66ZH6163 को ईटीपी (इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट पास) में दर्ज मात्रा से अधिक खनिज का परिवहन किए जाने पर ओवरलोडिंग के मामले में जप्त कर थाना बरगवां में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।
खनिज विभाग द्वारा जप्त वाहनों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी विभाग द्वारा खनिजों के अवैध परिवहन एवं नियमों के उल्लंघन पर निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।













