ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास भीषण हादसा, ट्रक ने श्रद्धालुओं को रौंदा, 12 की मौत
नवरात्रि में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं पर चढ़ा धान से लदा बेकाबू ट्रक, 5 से 6 घायलों की हालत गंभीर; प्रतिबंधित मार्ग पर पहुंचने की जांच शुरू

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। नवरात्रि के दौरान मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को धान से लदे एक बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 1:30 बजे छिनोर की ओर से आने वाली सड़क पर हुआ। नवरात्रि के चलते मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे। इसी दौरान धान से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं को कुचलते हुए मंदिर के गेट और बाहरी दीवार से जा टकराया। ट्रक की चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मौके पर तैनात 2 पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
प्रतिबंधित रास्ते पर कैसे पहुंचा ट्रक?
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, छिनोर की ओर से आने वाली सड़क पर ढलान है और वहां भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। इसके बावजूद ट्रक पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर नीचे की ओर आ गया। हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 5 से 6 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। कई लोगों को फ्रैक्चर सहित अन्य चोटें आई हैं।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और अन्य वाहनों को मौके पर भेजा गया। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। नवरात्रि के दौरान मार्ग पर स्टॉपर और पुलिस चेक-पॉइंट लगाए गए थे। इसके बावजूद ट्रक प्रतिबंधित रास्ते तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। ट्रक की तकनीकी स्थिति की जांच के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की टीम को भी भेजा गया है।
हादसे के बाद मची अफरातफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर आया और उसने कई लोगों के साथ आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में एक प्रत्यक्षदर्शी के भाई के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे ने नवरात्रि जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।













