सिहावल के चहुंमुखी विकास के लिए सरकार संकल्पित : विश्वामित्र पाठक
भितरी में गौशाला का लोकार्पण, 2 पीसीसी मार्गों का उद्घाटन और 2 सड़कों का भूमिपूजन; किसानों की फसल सुरक्षा और ग्रामीणों की सुविधा पर जोर

सिंगरौली। सिहावल विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। विकास की दौड़ में कोई भी क्षेत्र पीछे नहीं रहेगा। केंद्र और प्रदेश सरकार क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए संकल्पित है। यह बात सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक ने ग्राम पंचायत भितरी में गौशाला और 2 पीसीसी मार्गों के लोकार्पण तथा 2 अन्य मार्गों के भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
कार्यक्रम की शुरुआत मां वीणावादिनी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद स्थानीय कलाकारों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विधायक विश्वामित्र पाठक ने फीता काटकर और पट्टिका का अनावरण कर निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
विधायक पाठक ने कहा कि लंबे समय से प्रतीक्षित गौशाला का निर्माण पूरा होने से बेसहारा पशुओं के संरक्षण में मदद मिलेगी। इससे किसानों की फसलों को आवारा पशुओं से होने वाले नुकसान से बचाने में भी सहायता मिलने की उम्मीद है। वहीं, पीसीसी सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा।
उन्होंने आश्वस्त किया कि ग्रामीणों की मांग के अनुसार बिजली से वंचित टोले-मजरों में विद्युतीकरण कराने की दिशा में भी कार्य किए जाएंगे। विधायक ने पात्र हितग्राहियों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की।
विधायक ने ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना, सीधी-सिंगरौली फोरलेन सड़क और गुलाब सागर नहर सहित क्षेत्र से जुड़े अन्य विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन, संपर्क और विकास गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
ग्राम पंचायत भितरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गौशाला भवन का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही भितरी स्कूल से बृहस्पति यादव बस्ती तक और छिरहा टोला से मलखम मार्ग तक निर्मित पीसीसी सड़कों का उद्घाटन किया गया।
वहीं, करहिया टोला से आंगनवाड़ी भवन तक तथा भितरी आंगनवाड़ी भवन से पड़रिया सीमा तक पीसीसी मार्ग निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया। इन मार्गों के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में एसडीएम राजेश शुक्ला ने निर्माण कार्यों की लागत और उपयोगिता की जानकारी दी। इस दौरान सेवा संकल्प अभियान की प्रगति से भी अवगत कराया गया। विधायक विश्वामित्र पाठक ने क्षेत्र के वरिष्ठजनों और वृद्धजनों को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र पाण्डेय, जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय, तहसीलदार हिमांशु शुक्ला, एसडीओ श्रवण चतुर्वेदी, अवधेश सिंह, योगेंद्र नाथ पाठक, प्रमोद शर्मा, नीरज सिंह, दिलीप सोनी, सरपंच अनुपमा सिंह, उपसरपंच उर्मिला यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।













