सरई में पहली बार 21 फीट के रावण का होगा दहन, गूंजेगा जय श्रीराम का जयघोष
20 अक्टूबर को विजयादशमी पर होगा आयोजन, आकर्षक सजीव राम झांकी प्रस्तुत करने वाली दुर्गा पंडाल समिति को मिलेगा रावण दहन का अवसर

सिंगरौली। अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व इस बार सरई में खास अंदाज में मनाया जाएगा। नगर में पहली बार 21 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। 20 अक्टूबर को होने वाले इस आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए नगर परिषद पार्षद एवं समाजसेवी प्रेम सिंह भाटी ने क्षेत्र की सभी दुर्गा पंडाल समितियों से भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की सजीव झांकी के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की अपील की है।
प्रेम सिंह भाटी के अनुसार, भगवान श्रीराम की सबसे सुंदर, मनोहारी और भक्तिमय सजीव झांकी प्रस्तुत करने वाली समिति को रावण दहन करने का विशेष अवसर दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विजयादशमी के आयोजन में दुर्गा पंडाल समितियों की सहभागिता बढ़ाना और धार्मिक उत्सव को यादगार बनाना है।
उन्होंने सभी समितियों से उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया है। आयोजन के दौरान जय श्रीराम के जयघोष के बीच धार्मिक उत्साह का माहौल रहने की उम्मीद है।
प्रेम सिंह भाटी ने कहा कि रावण दहन केवल पुतला जलाने की परंपरा नहीं है, बल्कि यह अहंकार, क्रोध, अन्याय और बुराइयों के अंत का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। विजयादशमी का पर्व इन्हीं आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश देता है।
प्रेम सिंह भाटी ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। सरई में पहली बार होने जा रहे 21 फीट के रावण दहन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। अब सभी की निगाहें आयोजन की तैयारियों और दुर्गा पंडाल समितियों की सहभागिता पर टिकी हैं।













