राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में गरबा महोत्सव की धूम, डांडिया कर मंत्री राधा सिंह और विधायक रामनिवास शाह ने बढ़ाया उत्साह
दीप प्रज्ज्वलन, मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और शस्त्र पूजन के साथ दिया शक्ति, भक्ति और भारतीय संस्कृति का संदेश, मातृशक्ति की गरबा प्रस्तुतियों ने मोहा मन

सिंगरौली। बैढ़न स्थित राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में राधा-कृष्णा फाउंडेशन द्वारा आयोजित गरबा-जगराता महोत्सव के दूसरे दिन भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह और सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने दीप प्रज्ज्वलित कर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने डांडिया कर आयोजन में सहभागिता निभाई। पारंपरिक परिधानों में सजी मातृशक्ति की आकर्षक गरबा प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
आयोजन के दौरान मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों का राधा-कृष्णा फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने शाल और श्रीफल भेंटकर स्वागत किया। महोत्सव में धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने गरबा और डांडिया प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।
मंत्री और विधायक ने किया डांडिया, दर्शकों में दिखा उत्साह
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब राज्य मंत्री राधा सिंह और विधायक रामनिवास शाह ने डांडिया कर आयोजन में सहभागिता की। दोनों जनप्रतिनिधियों को डांडिया करते देख दर्शकों में खासा उत्साह नजर आया। पारंपरिक वेशभूषा में गरबा करती महिलाओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे स्टेडियम को उत्सव के रंग में रंग दिया।
राज्य मंत्री राधा सिंह ने गरबा-जगराता महोत्सव को भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बताया। वहीं, विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का माध्यम हैं।

शस्त्र पूजन कर दिया शक्ति और संस्कृति का संदेश
महोत्सव के दौरान विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी की मातृशक्ति संयोजिका के नेतृत्व में शस्त्र पूजन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से शक्ति, साहस और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया गया। धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री विक्रम सिंह चंदेल, बैढ़न मंडल अध्यक्ष सौरभ गुप्ता, युवा भाजपा नेता अनिल शाह, मंडल महामंत्री जय प्रकाश शाह और दुर्गा कन्नौजिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
राधा-कृष्णा फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र सोनी, उपाध्यक्ष हेमंत पाण्डेय, आशा सोनी और फाउंडेशन के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन को सफल बनाने में फाउंडेशन की पूरी टीम, सोशल मीडिया टीम और मीडिया से जुड़े साथियों की सहभागिता रही।













