बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नवजीवन विहार में कन्या पूजन, संस्कारों के साथ शिक्षा का संदेश

छात्रों ने कन्याओं का पूजन कर मनाया पर्व, शाहपुर स्कूल में गरबा के जरिए सीखा अणुओं का विज्ञान

सिंगरौली। नवजीवन विहार सेक्टर नंबर 4 में नवरात्रि के अवसर पर कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विज्ञान शिक्षक शरद कुमार पाण्डेय के पूर्व एवं वर्तमान छात्रों की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने क्षेत्र की कन्याओं का देवी स्वरूप मानकर पूजन किया। इस अवसर पर युवा मंच नवजीवन विहार की संरक्षक साधना शर्मा भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय विरासत, संस्कारों और परंपराओं से जोड़ने के साथ शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों में आपसी प्रेम और भाईचारे की भावना विकसित करना है। एनटीपीसी विंध्यनगर परियोजना की विस्थापित कॉलोनी के स्लम क्षेत्र के बच्चों को निरंतर शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों के तहत भी इस तरह के आयोजन किए जाते हैं। विज्ञान शिक्षक शरद कुमार पाण्डेय प्रतिवर्ष बच्चों के बीच इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करते हैं।

गरबा के साथ विज्ञान की सीख

इसी क्रम में शासकीय हाई स्कूल शाहपुर में गरबा उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान की जानकारी दी गई। नृत्य और संगीत के साथ बच्चों ने जल, मीथेन और हाइड्रोजन के अणुओं के बनने की प्रक्रिया को समझा। इस पहल के माध्यम से परंपरा, संस्कृति और वैज्ञानिक शिक्षा को रोचक तरीके से जोड़ने का प्रयास किया गया।

विद्यालय की प्राचार्य अर्चना मिश्रा ने विद्यार्थियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में महेंद्र, विकास, अनुपम, अभिषेक, अमित और हिमांशु सहित अन्य लोगों ने सक्रिय सहयोग किया।

आयोजकों का मानना है कि विज्ञान और धर्म के बीच संतुलन तथा शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश समाज को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Author

Related Articles

Back to top button