बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

पटवारी ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान, पार्किंग में कार से मिले 2 बच्चों के शव

पिपरिया रेलवे स्टेशन पर हुई घटना से सनसनी, पिता के साथ आए थे 14 और 11 साल के दोनों बच्चे; पुलिस हत्या और आत्महत्या के पहलुओं पर कर रही जांच

पिपरिया। मध्य प्रदेश के पिपरिया रेलवे स्टेशन पर एक पटवारी द्वारा ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने के बाद एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया। रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कार से उसके 2 नाबालिग बच्चों के शव बरामद किए गए। मृतक पटवारी की पहचान अजय धाकड़ के रूप में हुई है, जो उदयपुरा क्षेत्र के ग्राम छातेर पिपरिया में पदस्थ था। मृत बच्चों की उम्र 14 और 11 वर्ष बताई गई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजय अपने दोनों बच्चों को फिल्म दिखाने के बहाने पिपरिया लेकर आया था। रविवार को उसने रेलवे स्टेशन के मंगलवारा क्षेत्र की पार्किंग में अपनी कार खड़ी की। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में वह कार का गेट खोलकर बच्चों को देखते हुए नजर आया। इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे उसने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और स्थानीय मंगलवारा थाना पुलिस को भी जानकारी दी गई।

कार की पिछली सीट पर मिले बच्चों के शव

पटवारी की मौत की सूचना मिलने के बाद देर शाम परिजन पिपरिया पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि अजय के साथ उसके दोनों बच्चे भी आए थे। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई। रेलवे स्टेशन की पार्किंग में अजय की कार मिलने पर जब उसकी जांच की गई तो पिछली सीट पर दोनों बच्चों के शव पड़े मिले। यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

बच्चों के हाथों पर मिले बंधने के निशान

पुलिस के अनुसार, बच्चों के हाथों पर रस्सी से बांधे जाने जैसे निशान मिले हैं। एक बच्चे के गाल पर भी चोट के निशान होने की बात सामने आई है। कार में एक तकिया भी मिला है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस आशंका सहित विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है कि बच्चों की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद उनके शव कार में रखे गए होंगे। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

परिजनों ने बताया, तनाव में था पटवारी

परिजनों के मुताबिक, करीब 40 वर्षीय अजय पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में था और कभी-कभी आत्महत्या करने की बात भी कहता था। हालांकि, परिजन उसकी बातों की गंभीरता को समझ नहीं पाए। वह बच्चों को फिल्म दिखाने के बहाने पिपरिया लेकर आया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले क्या परिस्थितियां थीं और बच्चों की मौत किन हालात में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पिपरिया एसडीओपी आशीष पंवार के अनुसार, शुरुआत में एक व्यक्ति के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। बाद में पार्किंग में खड़ी कार से 2 बच्चों के शव मिलने की जानकारी सामने आई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Author

Related Articles

Back to top button