क्राइम न्यूज़देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद एकनाथ शिंदे का सख्त संदेश, बोले— दोषियों को बख्शेंगे नहीं

अभिनेता और उनके परिवार को सुरक्षा का भरोसा, मुंबई में गैंगवॉर दोबारा शुरू नहीं होने देंगे; मुख्यमंत्री फडणवीस ने भी पुलिस को दिए जांच तेज करने के निर्देश

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र में सुरक्षा को लेकर हलचल तेज हो गई है। घटना के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे देर रात अभिनेता के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात कर सुरक्षा का भरोसा दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है तथा जांच तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की बीएमडब्ल्यू कार पर हमलावरों ने 5 राउंड गोलियां चलाईं। घटना में अभिनेता के ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो चालक के घायल होने की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ के दाएं हाथ पर बारूद से जलने के निशान मिले हैं, हालांकि उन्हें गोली नहीं लगी।

परिवार ने किसी से दुश्मनी से किया इनकार

टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद एकनाथ शिंदे ने बताया कि अभिनेता और उनका परिवार घटना से चिंतित है। परिवार ने किसी के साथ दुश्मनी या विवाद होने से इनकार किया है। ऐसे में पुलिस के सामने हमले की वजह का पता लगाना बड़ी चुनौती है। शिंदे ने कहा कि सरकार अभिनेता और उनके परिवार के साथ खड़ी है और मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुंबई में गैंगवॉर नहीं होने देंगे

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई में किसी भी गिरोह या व्यक्ति को डराने-धमकाने और गुंडागर्दी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में 1990 के दशक में गैंगवॉर पर लगाम लगाई गई थी और इसे दोबारा पनपने नहीं दिया जाएगा।

वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती से बात कर घटना की जानकारी ली और हमलावरों को जल्द पकड़ने तथा जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने टाइगर श्रॉफ से भी बातचीत की।

फिल्मी हस्तियों से पुलिस को सूचना देने की अपील

एकनाथ शिंदे ने फिल्मी हस्तियों से अपील की कि यदि उन्हें किसी तरह के धमकी भरे फोन या संदेश मिलते हैं, तो वे तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दें। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान, फायरिंग के पीछे की वजह और सोशल मीडिया पर किए गए दावों की जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button