बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बंधौरा में 220 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

सड़क किनारे बिक्री करने की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई, 4000 रुपये का गांजा जब्त

सिंगरौली। जिले के माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधौरा पुलिस चौकी ने अवैध मादक पदार्थ गांजा की बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 220 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4000 रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बंधौरा के सेमुआ टोला में अडानी कंपनी की सड़क के किनारे एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलने पर माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा के निर्देश पर बंधौरा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक संदीप नामदेव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की। इस दौरान हाथ में पॉलीथिन लिए खड़ा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों और गवाहों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान राधेश्याम जायसवाल (28 वर्ष), पिता केवल प्रसाद जायसवाल, निवासी ग्राम सखौहा, थाना माड़ा, जिला सिंगरौली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद पॉलीथिन से 220 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 703/26 के तहत धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अमित कुमार के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा, बंधौरा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक संदीप नामदेव, सहायक उप निरीक्षक राजवर्धन सिंह परिहार, पंकज सिंह चंदेल, प्रधान आरक्षक अरविंद सिंह तथा आरक्षक दिलीप धाकड़, अनीश सिंह और शिवेंद्र प्रताप सिंह की भूमिका रही।

Author

Related Articles

Back to top button