माजन मोड़ से विंध्यनगर तक सड़क निर्माण के चलते लग रहा जाम, विवाद की आशंका
नवरात्रि और दशहरा के मद्देनजर यातायात डायवर्ट करने की मांग, व्यवस्था नहीं सुधरी तो बढ़ सकता है हादसों का खतरा

सिंगरौली। बैढ़न शहर के माजन मोड़ से विंध्यनगर तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य के चलते जगह-जगह जाम की स्थिति बन रही है। सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आगे निकलने की होड़ में वाहन चालकों के बीच तू-तू, मैं-मैं की स्थिति भी बन रही है। ऐसे में यातायात व्यवस्था बिगड़ने और विवाद बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए। जरूरत के अनुसार वाहनों का मार्ग परिवर्तित किया जाए, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके और आवागमन सुचारु बना रहे। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो भीड़भाड़ के बीच दुर्घटना होने का खतरा भी बढ़ सकता है।
शहर में नवरात्रि और दशहरा पर्व को लेकर अगले 4 दिनों तक भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में सड़क निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी और महत्वपूर्ण हो जाती है। जिला प्रशासन से मांग की जा रही है कि त्योहारों के दौरान लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य की व्यवस्था की समीक्षा की जाए। आवश्यकता पड़ने पर व्यस्त मार्ग पर निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोकने या यातायात डायवर्ट करने पर विचार किया जाए।
नवागत यातायात प्रभारी और उनकी टीम के लिए भी शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना एक चुनौती है। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. से मामले का संज्ञान लेकर यातायात पुलिस को आवश्यक निर्देश देने की मांग की गई है, ताकि जाम, वाहन चालकों के बीच विवाद और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
त्योहारों के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। समय रहते ठोस व्यवस्था लागू होने से आम नागरिकों को राहत मिल सकती है और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को भी कम किया जा सकता है।













