एनटीपीसी सिंगरौली में दुर्गोत्सव पर सांस्कृतिक संध्या, 6000 से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद

शक्तिनगर। एनटीपीसी सिंगरौली के शक्तिनगर स्थित दुर्गा मंडप में दुर्गोत्सव के अवसर पर 18 और 19 अक्टूबर को धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान ‘शक्ति नृत्यांजलि’ की मनोहारी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं 6000 से अधिक श्रद्धालुओं को खिचड़ी महाप्रसाद वितरित किया गया।
18 अक्टूबर को नवदुर्गा समिति के तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लखनऊ की अनुज अर्जुन मिश्रा डांस कंपनी के कलाकारों ने ‘महिषासुरमर्दिनी’, कृष्ण लीला और शक्ति पूजन पर आधारित नृत्य प्रस्तुतियां दीं। संगीत और नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं देवी शक्ति की आराधना को प्रस्तुत किया गया।
19 अक्टूबर को पारंपरिक खिचड़ी भोग का आयोजन हुआ। इसमें एनटीपीसी सिंगरौली के परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक ई. प्रभाकर राव और वनिता समाज की अध्यक्षा ई. निर्मला राव उपस्थित रहे। आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक अगम प्रकाश तिवारी, सुनील कुमार मिश्रा, मानव संसाधन प्रमुख सिद्धार्थ मंडल, विभिन्न विभागों के अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा कर्मचारी और उनके परिजन शामिल हुए। आयोजन में भक्ति, सांस्कृतिक परंपरा और सेवाभाव का संगम देखने को मिला।













