पुलिस स्मृति दिवस की तैयारियां अंतिम चरण में, पुलिस लाइन में शहीद स्मृति परेड का पूर्वाभ्यास
21 अक्टूबर को अमर पुलिस शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि, एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा की मौजूदगी में जवानों ने किया अभ्यास

सिंगरौली। पुलिस स्मृति दिवस के आयोजन को लेकर पुलिस लाइन सिंगरौली में शहीद स्मृति परेड का पूर्वाभ्यास किया गया। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन में आयोजित रिहर्सल के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा की उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने परेड का अभ्यास किया।
परेड कमांडर सूबेदार आशीष तिवारी के नेतृत्व में जवानों ने अनुशासन और समन्वय के साथ परेड संचालन, सलामी, शोक सलामी, शहीदों के नामों का वाचन, बिगुल की निर्धारित धुनों तथा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करने का पूर्वाभ्यास किया। एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा ने तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित प्रोटोकॉल, समयबद्धता और अनुशासन के साथ व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में कर्तव्य निर्वहन के दौरान 10 पुलिस जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्हीं की स्मृति में प्रतिवर्ष पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर 21 अक्टूबर 2026 को सिंगरौली पुलिस द्वारा शहीद स्मृति परेड आयोजित कर राष्ट्रसेवा में प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।













