बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

माँ धनौजा मंदिर में नवमी पर भक्ति का महासंगम, 23 वर्षों से प्रेम सिंह भाटी करा रहे विशाल भंडारा

सरई। सिंगरौली जिले के सरई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोघरा स्थित प्राचीन माँ धनौजा मंदिर में शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर सोमवार को विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सेवाभाव के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर दूर-दराज के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुँचे और माँ धनौजा के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। समाजसेवी प्रेम सिंह भाटी द्वारा बीते 23 वर्षों से निरंतर इस भंडारे की परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है। इस वर्ष भी आयोजन में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों की मधुर गूंज, माँ के जयकारों और प्रसाद वितरण के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। भंडारे में विविध प्रकार के व्यंजनों की व्यवस्था की गई, जिसका श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक लाभ उठाया।

 

इसके साथ ही माँ के अन्य भक्तों द्वारा भी भंडारे आयोजित कर सेवा और समर्पण की भावना को साकार किया गया।इस अवसर पर प्रेम सिंह भाटी ने कहा कि भंडारा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे को सुदृढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने आयोजन में सहभागी सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया और माँ धनौजा से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।नवरात्र की नवमी पर माँ धनौजा के दरबार में आस्था, सेवा और समर्पण का अनुपम संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं की अपार उपस्थिति ने इस आयोजन को भक्तिमय उत्सव का स्वरूप प्रदान किया और वर्षों पुरानी परंपरा की गरिमा को पुनः प्रतिष्ठित किया।

Author

Related Articles

Back to top button