बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

देवसर में सूने घर को चोरों ने बनाया निशाना, 15 लाख से अधिक के जेवर और बर्तन चोरी होने का दावा

छह सीसीटीवी कैमरे 15 दिनों से बंद, पड़ोस में रहने वाले युवक पर फरियादी ने जताया संदेह

सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत नौढ़िया आबाद में पुराने बस स्टैंड के पास स्थित एक मकान में चोरी की घटना सामने आई है। मकान से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और कीमती घरेलू सामान गायब होने की शिकायत पुलिस से की गई है। फरियादी मोहित गुप्ता ने चोरी गए सामान की कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई है। हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक मात्रा और कीमत की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

सुबह कमरे में बिखरा मिला सामान
शिकायत के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात मोहित गुप्ता अपनी पत्नी और 2 वर्षीय बेटे के साथ घर के निचले तल पर सो रहे थे। सुबह उठने पर उनकी पैंट की जेब में रखे 1,850 रुपये गायब मिले। इसके बाद वह मंदिर चले गए। कुछ देर बाद घर लौटने पर उनकी पत्नी छत पर बने कमरे में पहुंचीं, जहां दरवाजा खुला था, लाइट जल रही थी और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
कमरे में बेड के अंदर रखे सोने के पुराने आभूषण गायब मिले। इनमें मांग टीका, कान के आभूषण, बड़ी नथ, बच्चे का लॉकेट, मंगलसूत्र और हार शामिल बताए गए हैं। इसके अलावा चांदी की 2 जोड़ी पायल और अलमारी में रखी चांदी की अंगूठी भी नहीं मिली।

फूल के बर्तन भी ले गए चोर
फरियादी के मुताबिक, घर के अन्य कमरों की जांच करने पर फूल के कई बर्तन भी गायब मिले। आरोप है कि उनके और उनके भाई के कमरे का ताला तोड़कर बर्तन चोरी किए गए। मोहित गुप्ता का कहना है कि चोरी गए आभूषणों और अन्य सामान की कुल कीमत 15 लाख रुपये से अधिक है। उन्होंने आभूषणों की रसीदें उपलब्ध होने की बात भी कही है।

पड़ोसी युवक पर जताया संदेह
मोहित गुप्ता ने घर के पास रहने वाले एक युवक पर चोरी की आशंका जताई है। उनका कहना है कि इससे पहले भी उक्त युवक पर उनकी बहन के घर चोरी करने का संदेह था, लेकिन उस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई थी। फिलहाल यह फरियादी की ओर से जताया गया संदेह है। संबंधित युवक की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

15 दिनों से बंद थे छह सीसीटीवी कैमरे
फरियादी ने बताया कि घर में सुरक्षा के लिए 6 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन वे करीब 15 दिनों से बंद थे। ऐसे में घटना से संबंधित फुटेज मिलने की संभावना स्पष्ट नहीं है। फरियादी ने पुलिस से मामले में वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। चोरी की घटना, सामान की कीमत और संदिग्ध की भूमिका को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Author

Related Articles

Back to top button