त्यौहार में सुरक्षा के समुचित प्रबंध करें – मुख्यमंत्री
वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों में 15 नवंबर तक करायें सुधार - मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेसिंग से अधिकारियों को दिये निर्देश
सिंगरौली/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से कमिश्नर्स, कलेक्टर्स तथा अन्य अधिकारियों को निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी एक माह तक कई पर्व और त्यौहार हैं। त्यौहारों के दौरान सुरक्षा के समुचित प्रबंध करें। यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दें। बिजली की प्रदेश में पर्याप्त उपलब्धता है। कलेक्टर स्थानीय स्तर पर बिजली के वितरण से जुड़ी समस्यायें दूर करके इसकी सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करें। दीवाली के समय कई बार अग्नि दुर्घटनायें हो जाती हैं पटाखा विक्रय स्थल पर अग्नि शमन की पूरी व्यवस्था रखें। कलेक्टर अस्पतालों का निरीक्षण करके बर्नवार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित कर ले यदि कोई रोगी गंभीर है तो तत्काल एयर एम्बुलेंस की सुविधा देकर उपचार सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामित्व योजना में अच्छा कार्य हो रहा है अब तक एक लाख 60 हजार 220 प्रकरणों का पंजीयन हो चुका है। कई अधिकारियों ने बहुत अच्छा कार्य किया है। रीवा में तहसीलदार त्योंथर राजेश तिवारी ने 1010 पंजीयन करायें हैं। इंदौर, अनूपपुर और धार जिले के कलेक्टर स्वामित्व योजना पर विशेष ध्यान दें। शून्य प्रगति वाले पटवारियों को चिन्हांकन करके समुचित कार्यवाही करें। प्रदेश में 12 जिलों में सामान्य से कम वर्षा हुई है। इन जिलों के कलेक्टर पेयजल व्यवस्था तथा कम पानी वाली फसल के प्लान तत्काल बनायें। फसल अनावरी की जानकारी तीन दिन में पोर्टल में अपलोड करा दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी नियमित जांच करायें। मिलावट करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करें। मौसम में परिवर्तन के कारण सर्दी, खांसी, वायरल तथा अन्य रोगों का प्रकोप हो रहा है। इनके नियंत्रण के लिए समुचित प्रबंधन करें। वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों का 15 नवंबर तक सुधार करा लें। शहरी क्षेत्र की सड़कों के सुधार पर भी विशेष ध्यान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 अक्टूबर को लौह पुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जायेगी। राष्ट्रीय एकता की शपथ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करें। प्रदेश का स्थापना दिवस एक नवंबर को मनाया जायेगा। मुख्य समारोह लाल परेड मैदान भोपाल में आयोजित होगा। सभी जिला मुख्यालयों में भी स्थापना दिवस उल्लास के साथ मनायें। इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार उन्नत दुधारू पशुपालकों को दिया जायेगा। इसका समुचित प्रचार-प्रसार करायें। वीडियो कान्फ्रेसिंग में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है। कलेक्टर्स खाद के वितरण पर निगरानी रखें। ई-टोकन के माध्यम से पंजीकृत महिला किसान को उसके द्वारा नामित परिवार के सदस्य को भी टोकन पर खाद प्रदान करें। कलेक्टर्स विभिन्न किसान संघों तथा अन्य संगठनों के साथ बैठक करके त्यौहार के दौरान सुरक्षा और खाद वितरण की व्यवस्थायें सुनिश्चित करें। वीडियो कान्फ्रेसिंग में नरवाई प्रबंधन के संबंध में निर्देश दिये गये। बैठक में मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल तथा सभी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम, सीईओ जिला पंचायत सघप्रिय, अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, आयुक्त नगर निगम सविता प्रधान, उप संचालक कृषि मनोज सिंह, तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।













