नवांकुर संस्थाओं एवं परामर्शदाताओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न
योजनाओं, अभियानों एवं गतिविधियों की समीक्षा कर MPJAP ऐप में जानकारी दर्ज करने के दिए निर्देश

सिंगरौली, 21 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला सिंगरौली द्वारा जनपद पंचायत सभागार बैढ़न में नवांकुर संस्थाओं एवं परामर्शदाताओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में रीवा संभाग समन्वयक प्रवीण पाठक, जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा, विकासखंड समन्वयक रजनीश प्रसाद मिश्रा सहित नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं परामर्शदाता उपस्थित रहे। बैठक का शुभारंभ भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पगुच्छ अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया तथा नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं परामर्शदाताओं से परिचय प्राप्त कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई।
बैठक में रीवा संभाग समन्वयक प्रवीण पाठक ने नवांकुर संस्थाओं द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों, गतिविधियों एवं विभिन्न अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने संस्थाओं को अपने कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी MPJAP ऐप पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने की प्रक्रिया से अवगत कराया। साथ ही सेक्टर स्तरीय प्रस्फुटन समितियों के प्रशिक्षण की तैयारी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा ने नवांकुर संस्थाओं द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी लेते हुए हरियाली यात्रा, नवांकुर सखी, तिरंगा यात्रा, स्वच्छता अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संस्थाओं को विभिन्न कार्यक्रमों एवं अभियानों के प्रतिवेदन तैयार कर प्रस्तुत करने तथा आगामी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
विकासखंड समन्वयक रजनीश प्रसाद मिश्रा ने कहा कि नवांकुर संस्थाओं द्वारा किए गए कार्यों का प्रतिवेदन तैयार करना तथा उनकी जानकारी MPJAP ऐप पर दर्ज करना अनिवार्य है। उन्होंने सभी संस्थाओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जानकारी अद्यतन रखने के निर्देश दिए। बैठक में नवांकुर संस्था प्रतिनिधि श्री रामसूरत विश्वकर्मा, प्रमोद मिश्रा, शिवेंद्रधर द्विवेदी, रमेश गुर्जर, उमाशंकर बैस, जगप्रसाद विश्वकर्मा, अखिलेश मिश्रा एवं द्वारिका प्रसाद कुशवाहा सहित परामर्शदाता रिनू शर्मा, प्रवीणा पांडेय, वंदना शाह, पूनम सिंह, नीलू साकेत एवं राजकुमार सिंह उपस्थित रहे।













