दशहरा चल समारोह में चले चाकू, एक घायल

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गढ़ा स्थित त्रिपुरी चौराहा पर आज सुबह पांच बजे के लगभग भगदड़ व चीख पुकार मच गई. जब आकाश कोष्टा नामक बदमाश ने अपने साथी के साथ मिलकर अनुराग पांडेय पर चाकू से हमला कर दिया. युवक पर हमला होते देख सब इंस्पेक्टर बीच बचाव करने पहुंचे तो उन्हे भी चाकू लग गया.
पुलिस के अनुसार गढ़ा का दशहरा चल समारोह अपनी पूरी शान और गरिमा के साथ आगे बढ़ रहा था. सड़क के दोनों छोर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा हुआ था, जो माता रानी की प्रतिमाओं के दर्शन के लिए खड़े थे. पर्व की इस रौनक के बीच किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पलों में यह खुशियां चीख-पुकार में बदल जाएंगी. सुबह के पांच बजे के लगभग त्रिपुरी चौराहे परआपसी रंजिश और खुन्नस के चलते आदतन अपराधी आकाश कोष्टा और उसके एक साथी ने घात लगाकर अनुराग पांडेय निवासी शांति नगर पर हमला कर दिया.
इससे पहले कि अनुराग कुछ समझ पाता, बदमाशों ने अंधाधुंध चाकू से वार करना शुरू कर दिया. खून से लथपथ होकर अनुराग सड़क पर गिर पड़ा, जिसे देख वहां मौजूद भीड़ में अफरातफरी मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और देखते ही देखते चौराहे पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. हंगामे और चीख-पुकार की आवाज सुनकर गढ़ा थाने में ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर संजय गुर्जर बीच बचाव करने आए तो उन्हे भी चाकू से चेहरे पर चोट आ गई. घटनास्थल पर मौजूद आक्रोशित लोगों ने आकाश कोष्टा और उसके साथी को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया. इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने दोनों की जमकर धुनाई कर दी.
घटना की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में भारी पुलिस बल और उच्च अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए घायल युवक अनुराग पांडेय और लहूलुहान एसआई संजय गुर्जर को तत्काल नजदीकी मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज जारी है. वहीं, पुलिस ने भीड़ के चंगुल से दोनों आरोपियों को सुरक्षित बचाकर हिरासत में ले लिया और थाने ले आई. प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी आकाश कोष्टा बेहद शातिर और अपराधिक प्रवृत्ति का है, जिसके खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं.
फिलहाल, पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि इस खूनी संघर्ष के पीछे की असली वजह क्या थी, वारदात में किस हथियार का इस्तेमाल किया गया और इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. इस दुस्साहसिक वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.













