नवानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

सिंगरौली:जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर लगाम लगाने के लिए नवानगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलोग्राम गांजा और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत 82,000 रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देशन और नवानगर थाना प्रभारी राजेन्द्र प्रसाद पाठक के नेतृत्व में की गई। 20 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम माजन कला के रहने वाले दो व्यक्ति निगाही स्थित पटेल होटल के पास गांजा बेचने की फिराक में आने वाले हैं।
इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने निगाही खदान रोड पर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की। कुछ ही देर में मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें दबोच लिया। जब मोटरसाइकिल की डिग्गी की तलाशी ली गई, तो उसमें दो पैकेटों में रखा 2 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार गांजे की अनुमानित कीमत 32,000 रुपये और जब्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल की कीमत 50,000 रुपये है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान 45 वर्षीय जमाहिर लाल शाह और 35 वर्षीय कमलेश कुशवाहा के रूप में हुई है, जो दोनों माजन कला, नवानगर के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने जिले के नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे नशे के अवैध कारोबार की जानकारी देकर नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना सहयोग दें।













