MBBS में चयनित अनुष्का को 1 लाख और BDS डिग्रीधारक उदिता को 50 हजार की आर्थिक सहायता

सिंगरौली :देवसर विधानसभा क्षेत्र की दो होनहार बेटियों ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम ने इन दोनों प्रतिभाशाली छात्राओं का सम्मान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए कुल 1.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
विधायक राजेंद्र मेश्राम ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पेज के माध्यम से यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उनके निज निवास पर खुटार मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार शाह के साथ इन छात्राओं और उनके परिजनों ने मुलाकात की। जानकारी के अनुसार, ग्राम गदसा के रहने वाले दिनेश कुमार वैश्य की पुत्री अनुष्का वैश्य का चयन MBBS पाठ्यक्रम के लिए हुआ है। उनकी इस शानदार सफलता पर विधायक ने उन्हें 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि सौंपी। वहीं, भोपाल के मानसरोवर कॉलेज से BDS की डिग्री सफलतापूर्वक पूरी करने वाली छात्रा उदिता चौधरी को भी 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
इस आत्मीय मुलाकात के दौरान विधायक राजेंद्र मेश्राम ने दोनों छात्राओं की कड़ी मेहनत और लगन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि देवसर विधानसभा क्षेत्र हमेशा से शिक्षा के मामले में अग्रणी रहा है। यहां के सुदूर गांवों से उभरकर सामने आ रही यह प्रतिभाएं भविष्य में मध्यप्रदेश और पूरे देश का मान बढ़ाएंगी।
विधायक ने छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे आगे चलकर सफलता के नए मुकाम हासिल करेंगी। विधायक द्वारा दी गई इस प्रोत्साहन राशि को क्षेत्र में शिक्षा और मेधावी छात्र-छात्राओं को बढ़ावा देने वाली एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।













