पुलिस स्मृति दिवस: सिंगरौली में अमर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

सिंगरौली:पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में गरिमामयी शहीद स्मृति परेड और श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रसेवा, जनसुरक्षा और कर्तव्य निर्वहन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस जवानों को नमन किया गया।
समारोह में विधायक रामनिवास शाह, कलेक्टर अंकित अस्थाना, पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम., नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत परेड के अभिवादन से हुई। सूबेदार आशीष तिवारी के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने पूरे अनुशासन और एकरूपता के साथ शहीद स्मृति परेड प्रस्तुत की।

पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने बीते एक वर्ष के दौरान कर्तव्यपथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले देश के 154 वीर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के नामों का वाचन किया और उनके अदम्य साहस को याद किया। इसके पश्चात परेड द्वारा अमर शहीदों को शोक सलामी दी गई और बिगुल पर लास्ट पोस्ट एवं राउज की धुन बजाई गई। उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी।
ज्ञात हो कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में 10 पुलिस जवानों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्हीं की स्मृति में हर साल यह दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अमित कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार सिंह, अनुविभागीय अधिकारी (देवसर) ललित बैरागी और रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान सहित जिले के तमाम थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे। सिंगरौली पुलिस ने शहीदों से प्रेरणा लेते हुए कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।













