बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर ने देर रात तक विसर्जन स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जिले की 952 एवं सीमावर्ती अन्य जिलों की 790 सहित कुल 1742 मां दुर्गा प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण विसर्जन संपन्न

सिंगरौली। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सिंगरौली जिले में श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के वातावरण में मां दुर्गा की कुल 1742 प्रतिमाओं का शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित विसर्जन संपन्न हुआ। इनमें सिंगरौली जिले की 952 तथा सीमावर्ती अन्य जिलों की 790 प्रतिमाएं शामिल रहीं। विसर्जन स्थलों पर ‘जय अम्बे, जय दुर्गे’ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से मां दुर्गा को विदाई दी। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीमें मुस्तैद रहीं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अंकित अस्थाना ने पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. के साथ तेलगवां एवं हिर्रवाह सहित प्रमुख विसर्जन स्थलों का देर रात तक भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन एवं सीसीटीवी निगरानी की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी तथा विसर्जन व्यवस्था के संबंध में फीडबैक भी लिया। प्रशासन द्वारा विसर्जन प्रक्रिया को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारू बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी की गई।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए 500 से अधिक पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवानों ने विसर्जन स्थलों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन किया। पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. ने विभिन्न कर्तव्यस्थलों पर पहुंचकर ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों का उत्साहवर्धन किया तथा उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं सेवाभाव की सराहना की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सतर्कता, संयम और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

 

विसर्जन व्यवस्था के सफल संचालन में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों, यातायात पुलिस, राजस्व विभाग, नगर निगम, एसडीआरएफ, होमगार्ड एवं अन्य संबंधित विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी विभागों के बीच समन्वय, सतत निगरानी और श्रद्धालुओं के सहयोग से विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिला प्रशासन एवं सिंगरौली पुलिस ने दुर्गा पूजा समितियों, स्वयंसेवकों और नागरिकों के अनुशासित सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी के योगदान की सराहना की।

Author

Related Articles

Back to top button